Punjab : अचानक युद्ध से बचाव जैसी तैयारी : सायरन बजते ही होगा Blackout, जनरेटर और टॉर्च पर लगाई रोक

पंजाब में 24 अप्रैल को युद्ध जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए मॉक ड्रिल की जाएगी। इस दौरान रात 8 बजे से 8:15 बजे तक 15 मिनट के लिए ब्लैकआउट रहेगा और सायरन भी बजाए जाएंगे। राज्य के सभी जिलों में सिविल डिफेंस की ओर से यह अभ्यास कराया जाएगा।
लुधियाना में पंजाब एग्रीकल्चरल यूनिवर्सिटी (PAU) और अगर नगर डिवीजन के तहत आने वाले इलाकों को ड्रिल के लिए चुना गया है। इस दौरान पूरे इलाके में अंधेरा रहेगा और लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। पिछले साल मई में ऑपरेशन सिंदूर के बाद पंजाब में मॉक ड्रिल हुई थी।

NDRF और पुलिस समेत कई विभाग रहेंगे मुस्तैदः लुधियाना के असिस्टेंट कमिश्नर पायल गोयल ने कहा कि यह केवल बिजली काटने का अभ्यास नहीं है, बल्कि एक रियल-टाइम इमरजेंसी रिस्पॉन्स ड्रिल है। इसमें NDRF, फायर ब्रिगेड, नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, सिविल डिफेंस और NCC की टीमें संयुक्त रूप से हिस्सा लेंगी। इसका मुख्य उद्देश्य किसी भी अनहोनी या युद्ध जैसी स्थिति में शहर की तैयारी को मापना है। लोगों से अनुरोध है कि वे इसे गंभीरता से लें और जनहित में प्रशासन का साथ दें।
लगातार 2 मिनट तक सायरन बजेगा: फरीदकोट के DC पूनमदीप कौर ने बताया कि शाम 6 बजे मॉक एक्सरसाइज होगी। मॉक एक्सरसाइज की शुरुआत एयर रेड वार्निंग सिग्नल से होगी। लगातार 2 मिनट तक सायरन बजाया जाएगा। अभ्यास खत्म होने के बाद ऑल क्लियर सिग्नल दिया जाएगा, जो लगातार 2 मिनट तक ऊंची आवाज में बजेगा और यह मॉक एक्सरसाइज के खत्म होने का संकेत होगा। उन्होंने कहा कि जरूरी सेवाएं इस दौरान जारी रहेंगी।
रेस्क्यू ऑपरेशन से लेकर ट्रैफिक नियंत्रणः इस अभ्यास के दौरान फायर रिस्पॉन्स, सर्च एंड रेस्क्यू, फर्स्ट एड और मेडिकल सहायता, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालना तथा ट्रैफिक और भीड़ नियंत्रण जैसी गतिविधियों की रिहर्सल की जाएगी। डिप्टी कमिश्नर पूनमदीप कौर ने स्पष्ट किया कि इस दौरान घबराने की कोई जरूरत नहीं है।












